अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय तल्ला सल्ट में एंटी रैगिंग समिति की द्वितीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत गान के साथ हुआ।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. गरिमा पाण्डेय ने बताया कि शासनादेश के अनुसार महाविद्यालय में एंटी रैगिंग समिति का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित कर उन्हें रैगिंग मुक्त परिसर के लिए प्रेरित करती है।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र श्री गिरीश चन्द्र एवं श्रीमती सीमा मौलेखी ने छात्र-छात्राओं से रैगिंग से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की। भौनखाल चौकी प्रभारी श्री मोहन चन्द्रा तथा सिपाही रविन्द्र चीमा और हरीश बिष्ट ने रैगिंग से होने वाली हानियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की घटना होने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने एवं समिति में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राजकीय इण्टर कॉलेज नेवलगाँव के प्रधानाचार्य मो. यासीन, हिंदी प्रवक्ता श्री शिवेन्द्र जी, प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती दीप्ति बसकती एवं कनिष्ठ सहायक सचिन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रैगिंग से उत्पन्न समस्याओं एवं उसके दूरगामी दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. ऋतिका गिरि गोस्वामी, श्रीमती निधि गोस्वामी सहित समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकित मनोड़ी द्वारा किया गया।

