अपराधियों पर सख्ती के मूड में नैनीताल पुलिस, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Share the News

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में हत्या, दुष्कर्म, लूट व पॉक्सो मामलों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश

हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली सभागार में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में जनपद की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जून माह में आयोजित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले के दौरान पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं और सतर्कता के चलते जिले में अपराध की घटनाएं बेहद कम रहीं। उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह जुलाई माह और आगे भी अपराध नियंत्रण के लिए पूरी सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखी जाए।

एसएसपी ने हत्या, दुष्कर्म, लूट, पॉक्सो एक्ट तथा अन्य गंभीर अपराधों के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों की विवेचना समयबद्ध तरीके से पूरी कर शीघ्र न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किए जाएं, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके।

बैठक में गर्मियों के दौरान बढ़ी चोरी की घटनाओं पर भी विशेष चिंता व्यक्त की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग की जाए तथा सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, वारंटियों की गिरफ्तारी, फरार अपराधियों की धरपकड़, साइबर अपराधों की प्रभावी जांच तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक के अंत में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जनपद नैनीताल में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रहे।

See also  चमोली के माणा हिमस्खलन में फंसे 55 मजदूरों में अबतक 50 का रेस्क्यू
error: Content is protected !!