रानीबाग चित्राशिला घाट को अतिक्रमण मुक्त कराने का संकल्प, 23 जुलाई को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
रानीबाग में कत्युरी समाज की बैठक, मानसखंड मंदिर माला में शामिल करने की उठी मांग
हल्द्वानी/रानीबाग। रानीबाग स्थित पौराणिक एवं ऐतिहासिक चित्राशिला घाट और माता जिया रानी परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर पहाड़ी कत्युरी समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के प्रबुद्ध लोगों ने क्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लेते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चित्राशिला घाट, माता जिया रानी परिसर और चित्रेश्वर मंदिर क्षेत्र कुमाऊँ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण से समाज की आस्था और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि अपनी संस्कृति और विरासत पर कुठाराघात करने वालों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
बैठक में विशेष रूप से चित्रेश्वर मंदिर परिसर में बने कथित अवैध शनि मंदिर का मुद्दा उठाया गया। वक्ताओं का कहना था कि यह निर्माण कुछ बाहरी लोगों द्वारा किया गया है, जो धार्मिक परंपराओं और शास्त्रों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित प्राधिकरण दो बार ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस पर भी चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि चित्राशिला घाट और माता जिया रानी परिसर को मानसखंड मंदिर माला परियोजना में शामिल किए जाने की मांग सरकार से की जाएगी। साथ ही हरिद्वार की तर्ज पर इस क्षेत्र को विकसित कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की भी मांग उठाई गई।
बैठक की अध्यक्षता रमेश मनराल एवं चंदन मनराल ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन कांडपाल ने किया।
मुख्य वक्ता के रूप में पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि पहाड़ी समाज को अपने अस्तित्व, संसाधनों और सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा के लिए संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लगातार बाहरी लोगों द्वारा संसाधनों और संस्कृति पर अतिक्रमण की कोशिशें हो रही हैं। यदि समय रहते समाज एकजुट नहीं हुआ, तो आने वाले समय में अपनी ऐतिहासिक पहचान और विरासत को बचाना कठिन हो जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 जुलाई को बड़ी संख्या में पहाड़ी कत्युरी समाज के लोग जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे और चित्राशिला घाट, माता जिया रानी परिसर एवं चित्रेश्वर मंदिर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ इसके संरक्षण और विकास की मांग करेंगे।
बैठक में सुभाष कांडपाल, राजेंद्र सिंह मनराल, चित्रांगद रावत, सीता रावत, खीम सिंह मनराल, शेर सिंह माहोड़ी, श्याम सिंह बिष्ट, कविता जीना, प्रेमा मेर, लोकेश सनवाल, राजेंद्र कांडपाल, गोपाल सिंह रुपवाल, मनोहर सिंह रावत, यशोदा रुपवाल, मोहन सिंह बोरा, आन सिंह रावत, मलय तिलारा, पंकज खत्री, गोविंद बिष्ट, सुरेश चंद्र पाठक, गिरीश चंद्र लोहनी, गौरव चौहान, धन सिंह घुघत्याल, जुगल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


