हल्द्वानी में यूजीसी कानून 2026 के विरोध में स्वर्ण शक्ति संगठन की महाआक्रोश रैली, डीएम कार्यालय तक किया प्रदर्शन

Share the News

हल्द्वानी। स्वर्ण शक्ति संगठन के तत्वावधान में शहर में महाआक्रोश रैली निकाली गई। रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर तहसील थाना होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। रैली में स्वर्ण समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

रैली का नेतृत्व संगठन के संयोजक प्रकाश हरबोला और कार्यक्रम के सह-संयोजक भुवन भट्ट ने किया।

इस दौरान प्रकाश हरबोला ने कहा कि स्वर्ण समाज फिलहाल सरकार को चेतावनी देने का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी कानून 2026 सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों की अनदेखी करता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के मसौदे में छोटी शिकायतों पर दंडात्मक प्रावधान थे, जिन्हें 2026 के नियमों से हटा दिया गया, जो अनुचित है। उनका कहना था कि नियमों में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है, जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ संभावित भेदभाव की आशंकाओं को नजरअंदाज किया गया है।

भुवन भट्ट ने कहा कि स्वर्ण समाज को अब जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून समानता के सिद्धांतों का उल्लंघन करता है और जाति आधारित प्रावधानों को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि इक्विटी बोर्ड में एससी, एसटी, ओबीसी, महिला और दिव्यांग वर्ग का प्रतिनिधित्व अनिवार्य किया गया है, जबकि सामान्य वर्ग के लिए कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है। इसे उन्होंने समाज को बांटने वाला कदम बताया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे इस कानून का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्वर्ण महासम्मेलन आयोजित कर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

कार्यक्रम में तेज सिंह कार्की, तरुण वानखेड़े, लखन निगटिया, सीमा बत्रा, ज्योति अवस्थी, प्रताप जोशी, अनिता जोशी, काजल खत्री, बबीता जोशी, प्रभा खनका, परमजीत कौर, सुरेंद्र नरूला, अमर सिंह ऐरी, कंचन रौतेला, पूरन भट्ट, दरबान सिंह, योगेश शर्मा, शेखर ऐरी, आरपी सिंह, मनोज अग्रवाल, योगेंद्र भट्ट, हर्षवर्धन पांडे, कैलाश जोशी, जीवन कार्की, नवीन पंत, सुरेंद्र नेगी, प्रमोद पंत, गोपाल भट्ट, राजेंद्र गुप्ता, मनोज जोशी, रवि जोशी, गौरव तिवारी, योगेंद्र बिष्ट, कीर्ति तिवारी, मदन मोहन जोशी, नारायण सिंह बिष्ट, नवीन भट्ट, प्रमोद तोलिया, जगत सिंह बिष्ट, आशुतोष पंत, राजू जीना सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

See also  रानीखेत : स्व. जयदत्त वैला महाविद्यालय में चलाया गया समान नागरिक संहिता विषयक जागरुकता अभियान
error: Content is protected !!