अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय तल्ला सल्ट में कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में बुधवार को “योग में करियर की संभावनाएँ” विषय पर एक प्रेरणादायक कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता योग प्रशिक्षक श्री अखलाश कुमार ने विद्यार्थियों को योग के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में योग प्रशिक्षक, वेलनेस विशेषज्ञ, शोधकर्ता और शिक्षण जैसे क्षेत्रों में करियर की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को एक सम्मानजनक और उज्ज्वल करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघव कुमार झा के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मानुशासन और समग्र व्यक्तित्व विकास का आधार है।
उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता एवं उपनिषदों के प्रेरक श्लोकों के माध्यम से योग के जीवनोपयोगी महत्व को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. रितिका गिरी गोस्वामी ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


