रानीखेत में ‘सामाजिक न्याय दिवस’ के रूप में मनाई गई मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि

Share the News

रानीखेत। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रानीखेत कांग्रेस कमेटी द्वारा 23 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे होटल सेवेन्टीन में प्रसिद्ध विचारक, समाज सुधारक एवं ‘पर्वतीय अंबेडकर’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की पुण्यतिथि को “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. टम्टा जी के सामाजिक समरसता, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और सेवा का अद्वितीय उदाहरण है।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. टम्टा जी ने कुमाऊँ क्षेत्र में दलित एवं शोषित समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा समान अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित संघर्ष का मार्ग प्रशस्त किया। छुआछूत और भेदभाव के विरुद्ध उनके जनजागरण अभियान ने पर्वतीय क्षेत्रों में सामाजिक चेतना का विस्तार किया और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया।

उन्होंने शिक्षा प्रसार, सामाजिक संगठन निर्माण और राजनीतिक जागरूकता के माध्यम से वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का सतत प्रयास किया। उनके प्रयासों से पर्वतीय अंचलों में समानता और न्याय की मजबूत नींव पड़ी।

कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, वरिष्ठ कांग्रेसी अगस्त लाल साह, पूर्व व्यापार मंडल उपसचिव विनीत चौरसिया, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, दीप उपाध्याय, जीतन जयाल, प्रदीप रावत, प्रीतम रावत, महेंद्र, राजेश कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्व. टम्टा जी के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

See also  अब ATM से कैश निकालना होगा महंगा... इंटरचेंज फीस बढ़ाने की तैयारी में RBI
error: Content is protected !!