रानीखेत के नरेश चंद्र डोबरियाल ने आदि कैलाश अल्ट्रा रन में हासिल किया दूसरा स्थान, क्षेत्र का बढ़ाया मान

रानीखेत के नरेश डोबरियाल ने ‘आदि कैलाश अल्ट्रा रन’ में हासिल किया दूसरा स्थान।

14,400 फीट से अधिक की ऊंचाई पर 70 किलोमीटर की अल्ट्रा रन में किया शानदार प्रदर्शन, पिछले वर्ष 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में जीता था स्वर्ण पदक

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र पिथौरागढ़ में आयोजित प्रतिष्ठित ‘आदि कैलाश अल्ट्रा रन’ में रानीखेत निवासी नरेश चंद्र डोबरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 14,400 फीट से अधिक की ऊंचाई पर आयोजित 70 किलोमीटर की अल्ट्रा रन में अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से रानीखेत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने इसे उनकी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदि कैलाश अल्ट्रा रन का आयोजन पर्यटन विभाग, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग एवं समन्वय से किया गया। इस चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 1,100 से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे दुर्गम क्षेत्र में किया गया, जहां अत्यधिक ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई और विषम भौगोलिक परिस्थितियां धावकों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उनके मानसिक धैर्य की भी कड़ी परीक्षा लेती हैं।

इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद नरेश चंद्र डोबरियाल ने बेहतरीन सहनशक्ति, मजबूत आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों के दम पर 70 किलोमीटर की अल्ट्रा रन पूरी करते हुए अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंचाई वाले क्षेत्र में लंबी दूरी की दौड़ पूरी करना अपने आप में बड़ी चुनौती माना जाता है। ऐसे में उनका यह प्रदर्शन उनकी नियमित तैयारी और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लगातार दूसरे वर्ष शानदार प्रदर्शन

नरेश चंद्र डोबरियाल की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष आदि कैलाश क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इससे पहले पिछले वर्ष आयोजित ‘आदि कैलाश हाफ मैराथन’ में उन्होंने 21 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस बार 70 किलोमीटर की अल्ट्रा रन में अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर उन्होंने एक बार फिर अपनी क्षमता साबित की है।

उनके इस प्रदर्शन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और लंबी दूरी की दौड़ में रुचि रखने वाले लोगों को भी प्रेरणा मिली है। नरेश की सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई

नरेश चंद्र डोबरियाल की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, पूर्व विधायक करन माहरा, समाजसेवी सतीश चंद्र पाण्डेय, दीप भगत सहित स्थानीय खेल प्रेमियों, परिजनों और रानीखेत के निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि नरेश चंद्र डोबरियाल भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रानीखेत और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

See also  अल्मोड़ा : सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं से मुलाकात कर उठाई लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की मांग
error: Content is protected !!