रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्वर्गीय जैदत्त वैल्ला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में 24 व 25 मार्च 2026 को “सस्टेनेबल इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी/कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, उद्यमी और विद्यार्थी भाग लेंगे।
संगोष्ठी के संयोजक एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. पी.एन. तिवारी ने बताया कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को पारंपरिक ढांचे से आगे बढ़ाकर नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। यह संगोष्ठी विज्ञान आधारित स्टार्टअप, सतत प्रौद्योगिकी, डिजिटल परिवर्तन तथा अकादमिक–औद्योगिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श का मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख, अनुसंधान आधारित और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना समय की मांग है। ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्टार्टअप संस्कृति को अपनाने और सतत विकास के लक्ष्यों की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने अधिकाधिक शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

