खेल से संवर रहा पहाड़ का भविष्य, युवा खेल को बनाएं करियर : रेखा आर्या
सोमेश्वर में क्रिकेट टूर्नामेंट विजेताओं का सम्मान, 17 गांवों के खिलाड़ियों को बांटी गई क्रिकेट किट
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है और अब पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं के लिए खेल एक मजबूत करियर विकल्प बन रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को केवल शौक नहीं, बल्कि करियर के रूप में अपनाएं।
गुरुवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में आयोजित मकर संक्रांति क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर खेल मंत्री ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूर-दराज के गांवों तक खेल मैदान और मिनी स्टेडियम विकसित करने पर लगातार काम कर रही है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी और सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की है। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब अपने भविष्य को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले युवाओं को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा आर्य, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, अशोक जलाल, राहुल खोलिया, गणेश अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
17 गांवों के खिलाड़ियों को मिली खेल सामग्री
इसी क्रम में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कंडारकुआं मंडल अंतर्गत दीपाधार मंदिर प्रांगण में आसपास के 17 गांवों के युवक मंगल दलों एवं क्रिकेट खिलाड़ियों को क्रिकेट किट वितरित की गई।
इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल गतिविधियों से जुड़ने से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है, साथ ही नई खेल प्रतिभाओं को पहचान और मंच मिलता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव तक विकास योजनाएं पहुंचाने की बात कही और बताया कि सोमेश्वर क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए गए हैं।
इस कार्यक्रम में भुवन जोशी, हरीश परिहार, गोपाल सती, भुवन फर्त्याल, दीवान नेगी, जानकी, गोपाल राम, त्रिलोक सिंह रावत, भूपाल परिहार, धन सिंह रावत, तारा सिंह परिहार, विशन सिंह कन्वाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।




















