भीमताल। भीमताल के धारी ब्लॉक स्थित दुदुली गांव में हुई सड़क दुर्घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने इस हादसे को दुर्घटना नहीं बल्कि “हत्या” करार देते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मनोज शर्मा ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि बबियाड़–टपूवा–दुदुली मोटर मार्ग पिछले 10 वर्षों से बदहाल स्थिति में है और क्षेत्रीय लोग लगातार धरना-प्रदर्शन व ज्ञापनों के माध्यम से सड़क सुधार की मांग करते रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सड़क “मौत की खाई” बन चुकी है, जहां आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। शर्मा के अनुसार, बीते वर्षों में कई लोग घायल हुए, अनेक के हाथ-पैर टूटे, और अब इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब सरकार छोटी-छोटी यातायात गलतियों पर भारी चालान करती है, तो सड़कों की बदहाली की जिम्मेदारी भी उसे लेनी चाहिए। उन्होंने इस घटना के लिए सरकार, क्षेत्रीय सांसद और विधायक को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इनके खिलाफ हत्या का मुकदमा चलना चाहिए।
शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद जब वह मौके पर पहुंचे, तो उनकी खुद की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची, जिससे सड़क की खराब स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों में सड़क सुधार के लिए किए गए सभी प्रयासों और घटनाओं के दस्तावेज एकत्र कर लिए गए हैं और जल्द ही उत्तराखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के इच्छुक सदस्यों को सरकारी नौकरी दी जाए।
साथ ही घायलों को कम से कम 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए।

