रानीखेत : मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में दिखी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिता में उमड़ा उत्साह

रानीखेत में अंतरविद्यालयी चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन ।

रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। मां नंदा-सुनंदा महोत्सव के तहत शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अंतरविद्यालयी चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

अंतरविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन तीन वर्गों में किया गया। इसमें कक्षा एक से कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से विभिन्न विषयों को कागज पर उकेरा। आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, नंदा देवी मंदिर परिसर में ही मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया था। छात्राओं ने मेहंदी की आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की रचनात्मकता, डिजाइन की सुंदरता और प्रस्तुतीकरण को देखते हुए निर्णायकों ने विजेताओं का चयन किया।

मेहंदी प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत की कक्षा 12वीं की छात्रा प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिशन इंटर कॉलेज की निदा ने द्वितीय तथा निहारिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, सीनियर वर्ग में सिमरा प्रथम, रिमशा द्वितीय और पायल तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका  गीतांजलि सती एवं कु. जोया ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए विजेताओं का चयन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को महोत्सव के सांस्कृतिक संयोजक विमल सती और संरक्षक हरीश लाल साह ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

पुरस्कार प्राप्त करने पर छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय कला और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम में मां नंदा सेवा समिति के अध्यक्ष गौरव भट्ट, उपाध्यक्ष दीपक पंत, कोषाध्यक्ष मोहिल साह और रामेश्वर गोयल समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के पदाधिकारियों और विद्यालयों के शिक्षकों ने सहयोग किया।

See also  अल्मोड़ा : शहीद दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
error: Content is protected !!