छावनी परिषद रानीखेत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत।
रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। रक्षा संपदा संगठन एवं छावनी परिषद रानीखेत की ओर से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। छावनी कम्पार्टमेंट नंबर-10, झूला देवी मार्ग स्थित वेस्ट व्यू के समीप आयोजित कार्यक्रम में ब्रिगेडियर विजयन्त महाडिक, कमांडेंट केआरसी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी और मुख्य अधिशासी अधिकारी आकाश कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
अभियान के तहत आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में करीब 2000 पौधे लगाए गए। इनमें बांज, फल्यॉट, क्वैराल, देवदार, काफल सहित विभिन्न स्थानीय एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम में छावनी परिषद के कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों समेत करीब 150 लोगों ने भागीदारी की।
पौधारोपण के साथ चला स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। छावनी परिषद की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत आने वाले दिनों में छावनी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और पर्यटन स्थलों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रैलियां और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
छावनी परिषद के अनुसार ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान की थीम ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ (Collective Action for Visible Impact) रखी गई है। इसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से छावनी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाना है।
इस दौरान छावनी परिषद प्रशासन ने नागरिकों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। ‘मां के सम्मान में एक पौधा लगाएं, धरा को हरियाली से सजाएं’ और ‘पौध लगाएं, जीवन बचाएं’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्य अधिशासी अधिकारी आकाश कुमार शर्मा ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत इस वर्ष छावनी परिषद ने 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने गली-मोहल्लों और कार्यस्थलों पर भी स्वच्छता अभियान चलाकर इस पहल में सक्रिय भागीदारी करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर छावनी क्षेत्र का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी आकाश कुमार शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रयासों से ही ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है।
एक माह तक चलने वाले अभियान में विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान, जागरूकता रैलियां, पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उमेश पाठक, मोहन नेगी, सुकृत साह, सुबोध साह, गोपाल मल्होत्रा, नीरज साह, अरविन्द साह, आदित्य साह, प्रशासनिक अधिकारी रमा नेगी, वनराजिक केके फर्त्याल, स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह, स्वच्छता निरीक्षक चन्दन कुमार, अवर अभियंता गोपाल सिंह बिष्ट, मानचित्रकार कृपाल मेहरा, अकील अहमद सिद्दकी, चुंगी अधीक्षक गोपाल राम आर्या, डीएस राणा, भंडार लिपिक चन्द्रभानु राणा सहित छावनी परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।





