आशुतोष शाही ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के चौखुटिया ब्लॉक स्थित ग्रामसभा अखोड़िया में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता आशुतोष शाही ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशुतोष शाही ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण परिवारों से जुड़ी समस्याओं को समझना तथा संवाद के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास करना अभियान की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी देने के साथ ही गर्भवती और धात्री माताओं को जागरूक करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
आशुतोष शाही ने कहा कि जनसेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प है। सरकार की योजनाओं और आम जनता के बीच किसी प्रकार की दूरी न रहे, इसके लिए जमीनी स्तर पर संवाद और संपर्क को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कार्यकर्ताओं ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए आगे भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कुंदन सिंह बिष्ट, जगत सिंह किरौला, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष माया बिष्ट, ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह भंडारी, जीवन सिंह अधिकारी, राधिका बिष्ट, अनीता चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


