हल्द्वानी में छात्रा लापता, दर्जी पर अपहरण का आरोप; नामजद तहरीर के बावजूद अज्ञात के खिलाफ FIR से उठे सवाल

Share the News

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित अमरावती कॉलोनी से 26 फरवरी को एक 19 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।

परिजनों ने कॉलोनी में सिलाई की दुकान चलाने वाले दर्जी रहमत पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन शुरुआती दिनों में पुलिस की सुस्ती से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

परिजनों के अनुसार, युवती स्थानीय जीजीआईसी में पढ़ाई करती थी और घटना वाले दिन सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।

पिता ने बताया कि उनकी बेटी मोहल्ले में ही दर्जी रहमत के यहां सिलाई सीखने जाती थी। घटना के बाद से रहमत भी लापता है, जिससे संदेह और गहरा गया है।

परिवार का आरोप है कि तहरीर में रहमत का नाम स्पष्ट रूप से लिखे जाने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के दबाव के बाद ही पुलिस ने आखिरकार प्राथमिकी दर्ज की।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस को जांच में पता चला है कि आरोपी रहमत मूल रूप से पीलीभीत का निवासी है, लेकिन उसका पूरा सत्यापन नहीं हो पाया है। जिस दुकान पर वह काम करता था, वहां अब ब्यूटी पार्लर संचालित हो रहा है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द से जल्द छात्रा की बरामदगी की मांग की है।

See also  उत्तराखंड: पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' जारी, पुलिस बदमाशों में लगी गोली
error: Content is protected !!