विश्व पर्यावरण दिवस पर एसएसबी रानीखेत में वृक्षारोपण अभियान, 200 से अधिक पौधे लगाए गए

Share the News

रानीखेत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महानिरीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं प्रेरणा से किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 200 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए।

इस अभियान में बीरसिवा स्कूल, रानीखेत के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का वैश्विक अभियान है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी सभी जीव-जंतुओं की साझा धरोहर है और इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने वायु एवं जल प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन भविष्य के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, जवानों और स्कूली बच्चों ने मिलकर परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा, उप-महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम, उप-महानिरीक्षक (चिकित्सा) चंद्रका हयाँकी, कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी, कमांडेंट देवशीस पाल, द्वितीय कमान अधिकारी कुमार सुंदरम, उप कमांडेंट प्रभाकर, अधिशासी अभियंता जसवीर सिंह, सहायक कमांडेंट गोविंद सिंह बोरा, सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह, संदीक्षा सदस्य, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं एसएसबी के जवान उपस्थित रहे।

See also  अभाविप पदाधिकारियों को पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने किया सम्मानित
error: Content is protected !!