रा०उ०मा०वि० चिलियानौला के छात्र निखिल का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन।
चिलियानौला के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 9 के छात्र ने खेल के क्षेत्र में हासिल की उपलब्धि, विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला के कक्षा 9 के छात्र निखिल कुमार ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
निखिल का चयन जनपद अल्मोड़ा की वॉलीबॉल टीम में हुआ है। वह आगामी 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक चमोली जिले के गोपेश्वर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जनपद अल्मोड़ा की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निखिल के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय के व्यायाम अध्यापक एवं वॉलीबॉल कोच मनमोहन देव ने बताया कि निखिल ने अपने खेल कौशल और मेहनत के दम पर जनपद की टीम में स्थान हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि निखिल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के छात्र मोहम्मद अनस राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर विद्यालय का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
शिक्षा और खेल जगत से जुड़े लोगों ने दी बधाई
निखिल कुमार के जनपद की वॉलीबॉल टीम में चयन पर खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश कृष्ण, ब्लॉक खेल समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भोपाल चीलवाल, खेल समन्वयक (स्याल्दे) यशपाल बिष्ट, ग्राम प्रधान झलोड़ी ऋतु आर्य तथा पूर्व प्रधान राजेश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक बहादुर सिंह बिष्ट, मनोज कुमार, राजेंद्र सिंह राणा, शंभू गिरी गोस्वामी, राजीव खाती, संतोष भट्ट, अजय चंद, शादाब, दिगंबर बिष्ट, दीपा आर्य, गीता शर्मा, मनोज आर्या, जगदीश उपाध्याय, धर्मेश बोरा, चंद राम और चंदन मेहरा ने भी निखिल को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
निखिल के चयन से विद्यालय और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अब सभी को गोपेश्वर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन का इंतजार है।


