विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता रानीखेत एवं भिकियासैंण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच

Share the News

रानीखेत। 4 जनवरी 2026 से 7 जनवरी 2026 तक आयोजित विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता रानीखेत एवं भिकियासैंण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध हुई।

21 न्याय पंचायतों के अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक–बालिकाओं ने एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी तथा पारंपरिक खेलों—मुर्गा झपट एवं पिट्ठू—में अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में  अल्मियाकाडे न्याय पंचायत द्वारा 30 अंकों के साथ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी अर्जित करना एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही।

यह सफलता केवल अंक तालिका तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके पीछे न्याय पंचायत प्रभारी, खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और अथक परिश्रम की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन देना, टीम भावना विकसित करना तथा प्रत्येक प्रतिभागी में आत्मविश्वास जगाना इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सबसे अधिक सराहना के अधिकारी वे विजेता बालक एवं बालिकाएं हैं, जिन्होंने कठिन अभ्यास, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास के बल पर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

उनके जोश, ऊर्जा और खेल भावना ने न केवल अपने न्याय पंचायत को गौरवान्वित किया, बल्कि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया।

आज आयोजित सादे एवं गरिमामय समारोह में ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक/संयोजक खेल प्रबंधन डा० शिवराज सिंह बिष्ट द्वारा विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी अल्मियाकाडे न्याय पंचायत के प्रभारी श्री दीपक सिंह बिष्ट को प्रदान की गई। इस अवसर पर डा० शिवराज सिंह बिष्ट ने प्रभारी, खेल प्रशिक्षक, शिक्षकों एवं विजेता खिलाड़ियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

निश्चय ही यह सफलता टीमवर्क, समर्पित मार्गदर्शन और युवा प्रतिभाओं की मेहनत का सजीव उदाहरण है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की खेल संस्कृति को और सशक्त बनाएगी।

See also  महाकुंभ की आस्‍था... आज 50 करोड़ पार हो सकती है श्रद्धालुओं की संख्या, महाश‍िवरात्र‍ि पर टूटेगा र‍िकॉर्ड
error: Content is protected !!