बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अधिकारों पर दिया गया विशेष संदेश
रिपोर्ट – बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। स्वर्गीय जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे के संबोधन से हुई। उन्होंने बालिका शिक्षा, समान अवसर, आत्मनिर्भरता और सामाजिक चेतना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “किसी भी समाज की प्रगति का वास्तविक मापदंड वहां की बालिकाओं और महिलाओं की स्थिति से आंका जाता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से बालिका सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, अल्मोड़ा से आए श्री भगवत मनराल ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने किशोरावस्था से जुड़ी समस्याओं पर समूह चर्चा करते हुए उपयोगी सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर श्री धीरज शाह ने PCPNDT एक्ट तथा राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें शगुन पंत ने प्रथम, सुमन ने द्वितीय तथा नेहा जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जिज्ञासा और किरण को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल भारद्वाज ने किया। डॉ. सत्यमित्र ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि अनुशासन व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉ. रेखा ने सफलतापूर्वक निभाई।
इस अवसर पर एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स एवं बी.एड संकाय के विद्यार्थियों सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. बी.बी. भट्ट, डॉ. नमिता मिश्रा, डॉ. संगीता, डॉ. कमल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।




















