अल्मोड़ा के सल्ट में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरा गाड़ी, पांच गंभीर रूप से घायल

Share the News

अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वाहन तीखे मोड़ पर संतुलन खो बैठा। दुर्घटना के दौरान दो यात्री वाहन से बाहर छिटक गए, जिन्हें हल्की चोटें आईं। वहीं पिकअप के भीतर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सल्ट क्षेत्र में संकरी और घुमावदार सड़कों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

See also  Voyage through the Cosmos (16–22 मार्च 2026): उद्घाटन सत्र से वैश्विक विज्ञान की शुरुआत, पहले दो दिनों में ब्रह्मांड के रहस्यों पर गहन चर्चा
error: Content is protected !!