रानीखेत के रिहायशी इलाकों में गुलदार का आतंक, पिंजरा लगाने व सघन गश्त की मांग

Share the News

रानीखेत। नगर के मेन मार्केट सहित आसपास के रिहायशी क्षेत्रों—बद्रीव्यू, जरूरी बाजार, सुदामापुरी, राजपुर, सरना गार्डन, केमू स्टेशन, सेवासदन, स्प्रिंग फील्ड और रानीखेत बाजार से लगे मोहल्लों—में पिछले कुछ समय से प्रतिदिन शाम के समय गुलदार (बाघ) के दिखाई देने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह स्थिति एक-दो दिन की नहीं, बल्कि नियमित रूप से बनी हुई है, जिससे व्यापारियों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

लोगों का कहना है कि अब तक प्रभावित क्षेत्रों में न तो पिंजरा लगाया गया है और न ही वन विभाग की ओर से सघन गश्त या कोई ठोस कार्रवाई स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।

शहरवासियों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित हो सकती है।

उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेते हुए वन विभाग एवं कैंट प्रशासन को निर्देशित करने की मांग की है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र पिंजरा लगाया जाए, नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए तथा चेतावनी सूचना एवं जागरूकता अभियान चलाया जाए।

ज्ञापन में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व व्यापार उपाध्यक्ष नेहा साह माहरा, कुलदीप कुमार, पूर्व व्यापार मंडल उप सचिव विनीत चौरसिया, सोनू सिद्दीकी, अभिषेक काण्डपाल, छात्रसंघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला, उपाध्यक्ष पारस खत्री, सचिव गौरव तिवारी, उप सचिव प्रियांशु चंद्र, पंकज गुरुरानी, प्रदीप रावत, अनिल कुमार, मीना देवी, कैलाश चंद्र, नीता बिष्ट, गीता देवी सहित अनेक शहरवासी उपस्थित रहे।

See also  बॉयफ्रेंड की मौत की झूठी अफवाह सुनते ही प्रेमिका ने भी छोड़ दी दुनिया, हैरान कर देगी ये प्रेम कहानी
error: Content is protected !!