सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय रानीखेत में धूमधाम से मना ‘होली महोत्सव’

Share the News

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय रानीखेत परिसर में ‘होली महोत्सव’ अत्यंत हर्षोल्लास, पारंपरिक उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया।

रंगों के इस पावन पर्व पर बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारों ने एक साथ मिलकर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम ने एसएसबी परिवार की एकता, भाईचारे और अटूट सौहार्द की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक श्री परीक्षित बेहेरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महानिरीक्षक श्री अमित कुमार का शुभकामना संदेश साझा करते हुए उपस्थित सभी को होली की हार्दिक बधाई दी गई।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व हमें पुराने गिले-शिकवे और मतभेद भुलाकर प्रेम, सद्भाव और एकता के रंग में रंगने की प्रेरणा देता है। उन्होंने दुर्गम एवं विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों के जज्बे और मनोबल की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

होली महोत्सव के अवसर पर सीमांत मुख्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जवानों एवं स्थानीय कलाकारों ने कुमाऊँनी झौड़ा और पारंपरिक होली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। पूरा परिसर रंग, संगीत और उल्लास से सराबोर हो उठा।

समारोह के दौरान सभी अधिकारियों, जवानों एवं परिजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार, ओ.बी. सिंह (उप महानिरीक्षक), देबासिस पाल (कमांडेंट), कुमार सुंदरम (द्वितीय कमान अधिकारी), अनिल कुमार जोशी (उप कमांडेंट), प्रभाकर (उप कमांडेंट) तथा संजीव डिमरी (सहायक कमांडेंट) सहित अनेक अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

होली महोत्सव ने सीमांत मुख्यालय में आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक समृद्धि और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।

See also  भीमताल : जितेन बोरा के हत्या के कारणों की जांच को लेकर राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खनस्यू थाने का किया घेराव, हत्याकांड के खुलासे की मांग
error: Content is protected !!