पहाड़ों से अंतरिक्ष तक: उत्तराखण्ड के ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए वैश्विक विज्ञान का सुनहरा अवसर

Share the News

रानीखेत/अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड के दूरस्थ, ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय वैज्ञानिक मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल की गई है। भक्ति वेदान्त संस्थान, कोलकाता द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन व्याख्यानमाला में स्वर्गीय श्री जैदत्त वैल्ला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत तथा उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST), देहरादून नॉलेज पार्टनर के रूप में सहभागी बने हैं।

“Voyage through the Cosmos – History, Models, Theories, Latest Images and Foundational Issues in Understanding the Universe” शीर्षक से आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय व्याख्यानमाला 16 से 22 मार्च 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी। कार्यक्रम में विश्व के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक ब्रह्माण्ड विज्ञान, खगोल भौतिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान, ग्रहों एवं आकाशगंगाओं की संरचना तथा ब्रह्मांड की उत्पत्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए जाएंगे।

प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक, UCOST ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में अपार प्रतिभाएँ हैं, जिन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। यह अंतरराष्ट्रीय व्याख्यानमाला प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय वैज्ञानिक समुदाय से सीधे जुड़ने का एक सुनहरा अवसर है। डिजिटल माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी अब वैश्विक ज्ञान संसाधनों तक समान रूप से पहुँच बना सकेंगे। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय ने कहा कि महाविद्यालय सदैव ग्रामीण प्रतिभाओं को उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस व्याख्यानमाला के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विश्वस्तरीय वैज्ञानिकों को सीधे सुनने और समझने का अवसर मिलेगा, जो उनके शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

डॉ. भारत पांडेय ने कहा कि पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक उच्चस्तरीय वैज्ञानिक ज्ञान पहुँचाना समय की आवश्यकता है। डिजिटल माध्यम से आयोजित यह व्याख्यानमाला विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जिन्हें भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ऐसे अवसर सीमित रूप से मिल पाते हैं।

आपको बता दें कि महाविद्यालय एवं UCOST की ओर से नॉलेज पार्टनर के रूप में सहयोग स्थापित करने का कार्य डॉ. भारत पांडेय द्वारा संपादित किया गया। इससे पूर्व भी भक्ति वेदान्त संस्थान के साथ नॉलेज पार्टनर के रूप में भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विषयों में नोबेल पुरस्कार विजेताओं की व्याख्यानमालाओं का सफल आयोजन डॉ. भारत पांडेय द्वारा कराया जा चुका है।

यह कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है तथा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के अधिकाधिक विद्यार्थी इसमें सहभागिता कर सकेंगे।

निःशुल्क पंजीकरण: https://forms.gle/rrksoziTfHEqfpu88

See also  नैनीताल : विंटर कार्निवाल का सांसद अजय भट्ट ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ  
error: Content is protected !!