रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा आयोजित ‘व्हाइट वाटर रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण एवं अभियान’ (9 मार्च से 19 मार्च 2026) का पहला चरण जौलजीबी में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को गोरी नदी की तेज और चुनौतीपूर्ण धाराओं के बीच व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान खटीमा (ऊधम सिंह नगर) के अनुभवी मुख्य प्रशिक्षक विजय पाल (मैसर्स विजय यात्रा) और उनकी टीम ने 36 प्रतिभागियों को राफ्टिंग की बारीकियों से अवगत कराया। प्रतिभागियों को नदी की वास्तविक परिस्थितियों में टीम वर्क, संतुलन और सुरक्षा के साथ राफ्ट संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तेज बहाव में सुरक्षित तैराकी की तकनीक, राफ्ट संचालन के लिए सही पैडलिंग और टीम के बीच समन्वय का अभ्यास कराया गया। साथ ही राफ्ट से पानी में गिरने की स्थिति में स्वयं और साथियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तकनीक भी सिखाई गई। इसके अलावा लाइफ जैकेट के साथ पानी में संतुलन बनाए रखने और मानसिक दृढ़ता विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र के दौरान उप-महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा सुधांशु नौटियाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ 55वीं वाहिनी के कमांडेंट आशीष कुमार, 05वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम सहित अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बल के कार्मिकों में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में टीम आधारित संचालन को मजबूत बनाना है।

