रानीखेत में मई में होगी महिलाओं की रामलीला प्रतियोगिता, अप्रैल में छोलिया नृत्य व ऐपण कार्यशालाएं

Share the News

रानीखेत। सांस्कृतिक समिति रानीखेत की बैठक में आगामी सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अप्रैल माह में स्कूली बच्चों के लिए छोलिया नृत्य कार्यशाला तथा महिलाओं और छात्राओं के लिए ऐपण और रंगवाली पिछोड़ी कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वहीं मई माह में महिलाओं की रामलीला प्रतियोगिता कराने का भी निर्णय लिया गया।

समिति अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोक गायक एवं रंगकर्मी स्व. दीवान कनवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। साथ ही हाल ही में आयोजित फागोत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति के सभी परिश्रमी सदस्यों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में कोषाध्यक्ष गौरव तिवारी ने फागोत्सव के आय-व्यय का ब्यौरा समिति सदस्यों के सामने प्रस्तुत किया। इसके अलावा कथक परीक्षार्थियों के लिए अभ्यास कक्ष की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

आगामी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श के दौरान तय किया गया कि मई माह में आयोजित होने वाली महिलाओं की रामलीला प्रतियोगिता में क्षेत्र की महिला प्रतिभागी टीमों को रामलीला के संवाद प्रसंगों के साथ आमंत्रित किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता टीमों को प्राइज मनी और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

बैठक में समिति द्वारा तीन नए सदस्यों को भी सदस्यता प्रदान की गई।

इस अवसर पर समिति के राजेंद्र पंत, दीपक पंत, संजय पंत, गौरव तिवारी, ज्योति साह, गीता जोशी, विनिता खाती, रीना वर्मा, अभिषेक कांडपाल, सोनू सिद्दीकी, पंकज साह, सौरभ अग्रवाल, शुभम अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

See also  क्या मुहूर्त का इंतजार है. क्यों भड़का सुप्रीम कोर्ट? कहा- विदेशियों को बाहर निकालो
error: Content is protected !!