स्याल्दे बिखौती मेले को लेकर नगर पंचायत सभागार में बैठक,विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा मेले को बढ़ाने की जिम्मेदारी हमारी।
रिपोर्ट: बलवन्त सिंह रावत
द्वाराहाट। नगर पंचायत सभागार में प्रसिद्ध स्याल्दे बिखौती मेला को लेकर मेला संरक्षक एवं विधायक मदन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों दलों के थोकदार, प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि द्वाराहाट का ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेला इस वर्ष 13 से 16 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मेला संरक्षक विधायक मदन सिंह बिष्ट, मेला अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्षा, आल, गरख और नौज्यूला दल के थोकदारों एवं उपाध्यक्षों सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पारंपरिक मेले को और भव्य बनाने के साथ-साथ मेला क्षेत्र के विस्तार पर जोर दिया।
विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि स्याल्दे बिखौती मेला द्वाराहाट की पहचान है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी क्षेत्रवासियों की है। उन्होंने पिछले वर्ष की मेले की देनदारियों को समाप्त करने के लिए विधायक निधि से 7.50 लाख रुपये की धनराशि मेला समिति को देने की घोषणा की। साथ ही आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मेला अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज ने कहा कि मेले के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
बैठक में पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, हेम रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नारायण सिंह रावत द्वारा किया गया।

