अल्मोड़ा/मानिला : योग, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के संग एनएसएस शिविर का सफल चतुर्थ दिवस

Share the News

अल्मोड़ा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुणीधार मानिला, अल्मोड़ा में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजु निगम के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का चतुर्थ दिवस बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। दिन की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवियों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।

योग सत्र के उपरांत प्रथम सत्र में शिविरार्थियों द्वारा नशा मुक्ति, जनजागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण विषयों पर एक प्रेरणादायक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का सराहनीय प्रयास किया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने मंदिर में भजन-कीर्तन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों को देवात्मा हिमालयन ध्यानपीठ, मानिला का शैक्षिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें अध्यात्म और जीवन मूल्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही ‘देव संस्कृति साहित्य सदन’ पुस्तकालय का भी भ्रमण कराया गया, जहां विद्यार्थियों ने विभिन्न ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अवलोकन किया और अध्ययन के प्रति अपनी रुचि को बढ़ाया।

तृतीय सत्र में व्याख्यान एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें ‘सुकन्या स्वास्तिक केयर’ NGO से श्रीमती दीपा चौहान को आमंत्रित किया गया। उन्होंने अत्यंत उत्साहपूर्वक छात्राओं को महिलाओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में जानकारी दी तथा ‘बायोडिग्रेडेबल पैड्स’ के उपयोग और निस्तारण पर भी प्रकाश डाला। इसके पश्चात डॉ. शैफाली सक्सेना ने स्वयंसेवियों को सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर और Cera- V वैक्सीन के बारे में पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों के लिए खेल गतिविधि के अंतर्गत क्रिकेट का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दिन का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

इस प्रकार एनएसएस शिविर का चतुर्थ दिवस अध्यात्म, ज्ञान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

See also  तल्ला जोहार के युवाओं द्वारा मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को चिकित्सक के स्थानांतरण के सम्बन्ध में ज्ञापन किया गया प्रेषित
error: Content is protected !!