नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल कैंची धाम में बढ़ती अव्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं से कथित मनमानी वसूली के खिलाफ समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने आरोप लगाया कि नीम करौली बाबा के आश्रम में करोड़ों रुपये के दान के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त धर्मशाला और भंडारे की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि भक्तों से कमरों के लिए प्रतिदिन 4 से 5 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं और भोजन के नाम पर भी अधिक पैसे लिए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी मांग की कि कैंची धाम के आसपास मांस और शराब के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए तथा शिप्रा नदी में होटल और रेस्टोरेंट द्वारा डाले जा रहे सीवर पर सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं अंजलि वर्मा ने कहा कि कैंची धाम क्षेत्र में प्रसाद, मूर्तियां, फोटो, कंबल और खाने-पीने की वस्तुओं के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, जिस पर प्रशासन को नियंत्रण करना चाहिए। उन्होंने अवैध रूप से हो रहे होटल निर्माण की जांच और बिना एनओसी बने निर्माण कार्यों पर कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में वीवीआईपी दर्शन के दौरान आम श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव और दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए गए, जिसे उन्होंने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
समाजसेवियों ने प्रशासन से जल्द जांच कर श्रद्धालुओं की सुविधा और कैंची धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

