उत्तराखंड में अवैध कैसीनो का भंडाफोड़: दिल्ली और मेरठ से बुलाई गई थी लड़कियां
ऋषिकेश। आईडीपीएल क्षेत्र में स्थित एक होटल में अवैध रूप से चल रहे कैसीनो का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
कार्रवाई के दौरान पार्षद सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास होटल नवरंग में अवैध कैसीनो संचालित होने की सूचना पर सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात छापा मारा। मौके पर 40 लोग जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3356 कैसीनो क्वाइन, 26 ताश की गड्डियां, 1,37,600 रुपये नकद और अलग-अलग ब्रांड की शराब की नौ बोतलें बरामद कीं। पूछताछ में सामने आया कि होटल का मालिक जगदीश कंडवाल है, जो पुलिस को देखकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में मीरानगर ऋषिकेश के पार्षद हर्षवर्धन उर्फ पिंटू रावत भी शामिल हैं। वहीं, होटल काउंटर संभालने वाले अशोक थापा को जेल भेज दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि जुए के दौरान नकली नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपित 100 रुपये के बदले 1000 रुपये के नकली नोटों की गड्डी देकर खेल में उपयोग कर रहे थे।
बताया गया कि कैसीनो संचालन के लिए दिल्ली और मेरठ से 10 युवतियों को बुलाया गया था, जिनमें कुछ कार्ड बांटने, कुछ डांस करने और अन्य शराब व खाना परोसने का काम कर रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

