अल्मोड़ा। द्वाराहाट में आयोजित स्यालदेह (बिखौती) मेले के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, क्षेत्रीय केंद्र रानीखेत द्वारा निःशुल्क पुस्तक मेला एवं व्यापक प्रचार–प्रसार कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों और आम जनमानस को उच्च शिक्षा के अवसरों, विश्वविद्यालय की योजनाओं और विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रति जागरूक करना रहा।
मेले में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। निःशुल्क पुस्तकों के वितरण को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल को उच्च शिक्षा के प्रसार की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जे. एस. रावत, सहायक समन्वयक डॉ. पंकज प्रियदर्शिनी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक रुचि आर्या और कार्यालय सहायक उमा शंकर नेगी ने विश्वविद्यालय के शैक्षिक कार्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन सेवाओं और अध्ययन व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न रोजगारोन्मुख और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
मेले में करीब 260 निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया, जिनमें इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन, साइबर सिक्योरिटी, मॉडर्न गवर्नेंस, एडवांस इंग्लिश, स्किल एंड राइटिंग तथा हिस्ट्री जैसे विषय शामिल रहे।
इस दौरान प्रतिभागियों ने प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम चयन और अन्य सुविधाओं को लेकर अपने सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज स्टाफ मोहित और ललित का विशेष योगदान रहा।
समग्र रूप से यह आयोजन अत्यंत सफल और प्रभावी रहा, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता और रुचि में वृद्धि देखने को मिली।

