कोटद्वार। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर में लायंस क्लब कोटद्वार डिग्निटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए आरओ युक्त वाटर कूलर भेंट किया गया। इस पहल से विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
कार्यक्रम संयोजक एवं विद्यालय के परीक्षा प्रभारी रोहित बलोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि लायंस क्लब कोटद्वार के अध्यक्ष प्रशांत रस्तोगी, सचिव आशीष अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष हितेश गोयल ने विद्यालय में आरओ वाटर कूलर स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की थी। गुरुवार को आयोजित इंस्टालेशन कार्यक्रम में लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. विनय सिसोदिया एवं डिस्ट्रिक्ट कमेटी के सचिव विशाल मल्होत्रा ने विधिवत रूप से वाटर कूलर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. विनय सिसोदिया ने कहा कि लायंस क्लब कोटद्वार डिग्निटी द्वारा यह पुनीत कार्य “कर्म ही पूजा है” के ध्येय के साथ किया गया है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने लायंस क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान लायन कमेटी से डॉ. एस.के. खट्टर, नजीबाबाद क्लब के लायन रचित बंसल, विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक कालिका प्रसाद नैथानी, अध्यक्ष राजेंद्र जखमोला, सह प्रबंधक रविंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सदस्य टी.आर. पांथरी सहित क्लब के अन्य सदस्य, छात्र संसद के प्रतिनिधि एवं समस्त आचार्य वृंद उपस्थित रहे।

