हल्द्वानी। समाज में तेजी से बढ़ रहे नशे के प्रचलन के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प साझा करते हुए जिलाधिकारी को गंगाजल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश तथा हनुमान चालीसा भेंट किए।
हरीश पनेरू ने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति न केवल युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर कर रही है।
उन्होंने जिलाधिकारी से जनपद में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सुझाव दिया कि प्रशासन को विशेष अभियान चलाकर इस कुरीति पर प्रभावी नियंत्रण करना चाहिए, जिससे समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी से हुई इस मुलाकात के दौरान नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों
से जोड़ने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इस अभियान में शामिल करने पर भी चर्चा हुई। पनेरू ने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

