रानीखेत। भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सूर्या देवभूमि चैलेंज 2.0’ में रानीखेत के नरेश चंद्र डोबरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50+ आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया।
तीन दिनों तक चले इस कठिन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 12,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर कुल 113 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी। इसमें पहले दिन 36 किमी, दूसरे दिन 39 किमी और तीसरे दिन 38 किमी की दूरी तय की गई। प्रतियोगिता की शुरुआत हेलांग, गलगोट, मंडल और तुंगनाथ होते हुए उखीमठ में समापन के साथ हुई।
इस चुनौतीपूर्ण रेस में मात्र 22 किलोमीटर रोड रनिंग थी, जबकि शेष दूरी घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ों और लगभग 7 किलोमीटर ग्लेशियर क्षेत्र से होकर गुजरी। देशभर के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
नरेश डोबरियाल की इस उपलब्धि से रानीखेत क्षेत्र में खुशी की लहर है और युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिल रही है।

