अल्मोड़ा : शीतलाखेत में बहुउद्देशीय शिविर: 43 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 739 लोगों को योजनाओं का लाभ

Share the News

अल्मोड़ा/शीतलाखेत।  उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत विकासखंड हवालबाग की न्याय पंचायत सल्ला रौतेला में भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर शीतलाखेत स्थित रामलीला मैदान में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने की। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 54 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 43 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 739 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा 349 आवेदन मौके पर ही भरवाए गए।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी शिकायत का दोबारा संज्ञान में आना पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर सरकार और जनता के बीच दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो जिला मुख्यालय तक पहुंचने में असमर्थ हैं।

शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रचार सामग्री भी वितरित की गई, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

See also  14 लोगों को मौत की नींद सुला देने वाले ड्राइवर का सनसनीखेज कबूलनामा
error: Content is protected !!