रानीखेत। रानीखेत स्थित स्व. श्री जयदत्त वेला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में “भूकंप एवं अग्नि शमन” विषय पर एक दिवसीय मॉक एक्सरसाइज एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ एवं निदेशक डॉ. ओमप्रकाश, ट्रेनिंग मैनेजर कुश बिष्ट तथा अग्नि शमन विभाग के एफएसएसओ रानीखेत गणेश चंद्र ने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की विधि का प्रदर्शन किया और आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
वहीं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, अल्मोड़ा के एसआई पंकज सिंह डंगवाल एवं उनकी टीम ने छात्रों को प्राथमिक उपचार, रैपलिंग और क्लाइंबिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में योगेश अधिकारी, हिमांशु गिरी, मोहित फर्त्याल एवं कृतिका सहित 15 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस, रोवर्स एवं रेंजर्स से जुड़े प्रभारी एवं अनेक प्राध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें भूकंप और आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा आपदा के समय सतर्कता बरतने के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और स्टाफ में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए उन्हें तैयार करना रहा।

