रानीखेत में 8 मई से “ओपन कुमाऊं कप टेनिस 2026”, 17 से 79 वर्ष तक के 67 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
रानीखेत। ज़िला टेनिस संघ के तत्वावधान और उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन की स्वीकृति से “रानीखेत ओपन कुमाऊं कप टेनिस प्रतियोगिता 2026” का आयोजन 8 से 10 मई तक रानीखेत क्लब में किया जाएगा।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुमाऊं मंडल के 17 से 79 वर्ष आयु वर्ग तक के कुल 67 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, जिससे यह आयोजन बहुपीढ़ी खेल प्रतिस्पर्धा के रूप में सामने आ रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 मई को सायं 5 बजे ब्रिगेडियर संजय कुमार, कमांडेंट केआरसी द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में पिछले वर्ष की चैंपियन रुद्रपुर हिमालियन्स के अलावा हल्द्वानी चैलेंजर्स, नैनी पीक्स नैनीताल, रामनगर टाइगर्स, चुनाखान वारियर्स और रानीखेत गुलदार टीमों के बीच डबल्स लीग मुकाबले खेले जाएंगे। मुकाबले 19-59 वर्ष (ओपन) और 60 प्लस आयु वर्ग में आयोजित होंगे।
आयोजन का उद्देश्य राज्य में खेलों के महत्व को बढ़ावा देना और खेल पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। उल्लेखनीय है कि रानीखेत में पिछले लगभग 40 वर्षों से इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होती आ रही हैं।
उत्तरांचल टेनिस महासचिव सुमित गोयल ने बताया कि खिलाड़ी पूरे वर्ष इस प्रतियोगिता का इंतजार करते हैं। प्रतियोगिता के संयोजक सचिव अरविंद साह और प्रबंधक गौरव पांडे के अनुसार खिलाड़ियों के आतिथ्य और आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ज़िला टेनिस संघ के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय और उपाध्यक्ष अनिल गोयल ने भी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार (IPS) और संरक्षक प्रदीप कुमार वालिया ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

