मां नंदा-सुनंदा इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू: पहले दिन बिरशीवा और आर्मी पब्लिक स्कूल ने जीते मुकाबले।
रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। स्थानीय मिशन इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मां नंदा-सुनंदा इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुकेश शाह ने किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला 27 सितंबर को खेला जाएगा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले ही दिन मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बिरशीवा और मेजबान मिशन इंटर कॉलेज रानीखेत के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। तीन सेट तक चले कड़े संघर्ष में बिरशीवा ने मिशन इंटर कॉलेज को 21-17, 14-21 और 21-19 के अंतर से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
दिन का दूसरा मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिड़ियानौला के बीच हुआ। आर्मी पब्लिक स्कूल ने शुरुआती सेट में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई। हालांकि चिड़ियानौला की टीम ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर ला दिया, लेकिन निर्णायक सेट में आर्मी पब्लिक स्कूल ने बेहतर खेल दिखाते हुए 21-12, 16-21 और 21-15 से जीत दर्ज की।
मुकाबलों में नमन गोडियाल और अंशुल सिंह ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं हर्षित अधिकारी और उत्कर्ष कबड़वाल ने स्कोरर के रूप में जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के दौरान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिड़ियानौला के व्यायाम अध्यापक मनमोहन देव ने अपनी प्रभावी कमेंट्री से खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य आयोजक भूपेंद्र परिहार ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र की विद्यालयी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
उद्घाटन अवसर पर अनिल वर्मा, किरण लाल शाह, हरीश लाल शाह, भूपेंद्र परिहार, कमलेश बिष्ट, दीपक मेहरा, ललित बिष्ट, भरत पांडे, अंकुर जयाल, दीप पंत, संतोष भट्ट और अजय चंद सहित रानीखेत के अनेक खेल प्रेमी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।


