रेप और ब्लैकमेलिंग आरोपों के बीच रातों-रात हटाए गए जिम के बोर्ड
महिलाओं के शोषण मामले में जिम सील, संचालक अकरम और आलम वेग गिरफ्तार
बरेली में महिलाओं के कथित शोषण और ब्लैकमेलिंग के मामले ने सनसनी फैला दी है। शहर के चर्चित “अल्टीमेट फिटनेस क्लब” पर गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस ने जिम को सील कर दिया है, जबकि जिम संचालक अकरम वेग और आलम वेग को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
आरोप है कि जिम के अंदर महिलाओं के साथ शारीरिक शोषण किया जाता था और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस जांच में जिम परिसर से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वीडियो, स्टेरॉयड और शक्तिवर्धक दवाइयां बरामद होने की बात सामने आई है।
मामले के सामने आने के बाद जिम संचालित होने वाली बिल्डिंग भी चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि बदनामी बढ़ती देख बिल्डिंग मालिक ने रातों-रात जिम के बड़े-बड़े बोर्ड हटवा दिए। वहीं चर्चाएं हैं कि रसूखदार बिल्डिंग मालिक जिम पर लगे पुलिस लॉक को खुलवाने के लिए दबाव बनाने में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अल्टीमेट फिटनेस क्लब बरेली का चर्चित जिम था, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं फिटनेस ट्रेनिंग के लिए आती थीं। लेकिन संचालकों पर लगे गंभीर आरोपों के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और जल्द ही उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

