नाबालिग से दुष्कर्म मामले में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, दो महिला कांस्टेबल निलंबित

Share the News

नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में लापरवाही पड़ी भारी,महिला हेल्प डेस्क पर तैनात दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित

उधमसिंह नगर। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रुद्रपुर कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साफ कहा है कि महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, छह मई को रुद्रपुर निवासी एक महिला पुलिस कार्यालय पहुंची और अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की मां का आरोप है कि 17 अप्रैल को आरोपी यश प्रताप सिंह उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।

महिला ने आरोप लगाया कि उसने इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर, कोतवाली पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क में कई बार शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी पंतनगर डीआर वर्मा को सौंपी गई है। उन्हें सात दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिला अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा और प्रत्येक पीड़िता को त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि महिला संबंधी हर शिकायत पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

See also  उत्तराखंड बस हादसा : खाई में मातम, सड़क पर लालच: तीन मौतों के बीच लाखों का बैग, ‘मामा-बुआ’ बनने लगे दावेदार
error: Content is protected !!