एसएसपी अल्मोड़ा की पहल पर यातायात व्यवस्था को मिली नई दिशा
जनता को मिली सौगात, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी-रानीखेत में पहली बार रोडवेज बसों के लिए लागू हुआ वन-वे सिस्टम
पर्यटक सीजन में जाम से राहत दिलाने हेतु कोतवाली रानीखेत पुलिस का अभिनव प्रयास
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके की पहल पर वर्षों पुरानी मांग पूरी, पर्यटक सीजन में यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में बड़ा कदम
अल्मोड़ा। पर्यटन सीजन के दौरान रानीखेत नगर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने अभिनव पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में रानीखेत नगर में पहली बार रोडवेज बसों के संचालन हेतु वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।
स्थानीय जनता लंबे समय से रोडवेज बसों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू किए जाने की मांग कर रही थी। इस संबंध में आमजन द्वारा एसएसपी के जनता दरबार में भी अनुरोध किया गया था। जनभावनाओं और यातायात व्यवस्था की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इस व्यवस्था को धरातल पर उतारा।
कोतवाली रानीखेत पुलिस ने रोडवेज विभाग के साथ तालमेल बनाते हुए आवश्यक पुलिस ड्यूटी लगाई है और बसों का संचालन निर्धारित वन-वे रूट से कराया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम की स्थिति में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
इस पहल से स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आमजन ने भी इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया है।

