रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत की शिक्षाविद् डॉ. बर्खा रौतेला को देहरादून में आयोजित 9वें हिमालयन एजुकेटर्स समिट एवं फेलिसिटेशन समारोह में ‘टीचर ऑफ द ईयर–2026’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एंकर– स्वर्गीय श्री जय दत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत डॉ. बर्खा रौतेला को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उनके अकादमिक योगदान के लिए ‘टीचर ऑफ द ईयर–2026’ सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान 21 नवंबर 2026 को देहरादून में आयोजित 7वें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल (DISTF) के अंतर्गत आयोजित 9वें हिमालयन एजुकेटर्स समिट एवं फेलिसिटेशन समारोह में प्रदान किया गया।
डॉ. रौतेला लंबे समय से अंग्रेजी साहित्य, विशेषकर इकोक्रिटिसिज्म (पारिस्थितिकी आलोचना) के क्षेत्र में शोधरत हैं। उनके शोध का प्रमुख केंद्र साहित्य और पर्यावरण के अंतर्संबंध, हिमालयी पारिस्थितिकी, पर्यावरणीय चेतना तथा साहित्य में प्रकृति के बदलते स्वरूप का अध्ययन रहा है। साहित्यिक विमर्श को समकालीन पर्यावरणीय चुनौतियों से जोड़ने की दिशा में भी वे निरंतर अकादमिक कार्य कर रही हैं।
डॉ. रौतेला का शैक्षणिक एवं शोध अनुभव लगभग 26 वर्षों का है। उनके नाम शोध-पत्रों, पुस्तक एवं पुस्तक अध्याय के प्रकाशन के साथ शोध निर्देशन का भी अनुभव है। वे महाविद्यालय में ई-लर्निंग एवं ई-कंटेंट समिति की समन्वयक के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं तथा शिक्षण में नवीन तकनीकों और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही हैं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. रौतेला को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और डॉ. रौतेला की अकादमिक प्रतिबद्धता, शोधपरक दृष्टि एवं शिक्षण के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है।
डॉ. रौतेला की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।






