अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन के लिए जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए एवं अन्य निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।
अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने प्रतिभागियों को निर्वाचन कार्यों की संवेदनशीलता और महत्व से अवगत कराया। उन्होंने सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करने तथा अपनी जिम्मेदारियों एवं दायित्वों की पूर्ण जानकारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए प्रशिक्षण के दौरान सभी बारीकियों को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है। साथ ही किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान प्राप्त करने और मास्टर ट्रेनरों द्वारा सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर देने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर के विभिन्न चरणों, गणना प्रपत्रों के उपयोग, अभिलेखों के संधारण तथा क्षेत्रीय कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारियां विस्तार से दी गईं।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जनपद की अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत और सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण में संबंधित कार्मिकों ने भाग लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
