विश्व पर्यावरण दिवस पर राजकीय महाविद्यालय तल्ला सल्ट में पौधारोपण व विचार गोष्ठी आयोजित

Share the News

अल्मोड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय तल्ला सल्ट में यूथ रेड क्रॉस यूनिट एवं रेंजर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में विचार संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।

विचार संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्द्रा गोस्वामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, जल का दुरुपयोग रोकना चाहिए तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचना चाहिए।

रेड क्रॉस समिति के नोडल अधिकारी डॉ. अंकित मनोड़ी तथा समिति सदस्य डॉ. रितिका गिरी गोस्वामी एवं डॉ. निधि गोस्वामी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ पर्यावरण के महत्व और पर्यावरण प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. गिरीश चन्द्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर  गोपाल कृष्ण जोशी, कामिनी भट्ट, विद्यासागर, प्रवीण, शीतल, प्रियंका, रेनू, शिवानी, साक्षी, ममता सहित अनेक छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

See also  रामनगर के पास दर्दनाक हादसा; बस ने 6 लोगों को रौंदा दो, शिक्षकों की मौत, चार घायल
error: Content is protected !!