रानीखेत। स्थानीय सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार शाम 10 दिवसीय निःशुल्क शास्त्रीय संगीत गायन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
यह कार्यशाला पिछले पांच वर्षों से राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा संचालित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्घाटन रानीखेत सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती, प्रधानाचार्य हेमंत रिखाड़ी, कृष्ण कुमार सती तथा संगीत प्रशिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। पूर्व वर्षों के प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विमल सती ने कहा कि कला और संगीत व्यक्ति के भीतर संवेदनशीलता, आत्म-जागरूकता और सहानुभूति का विकास करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संगीत जैसी रचनात्मक विधाओं से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा निःशुल्क संगीत प्रशिक्षण प्रदान किए जाने को सराहनीय और प्रेरणादायक पहल बताया।
प्रशिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शास्त्रीय संगीत के महत्व और प्रारंभिक शिक्षा की जानकारी दी। प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में उन्होंने स्वरों का ज्ञान, अलंकार तथा अलंकारिक युक्तियों का अभ्यास कराया, जिसे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सीखा।
कार्यशाला में उभरते कलाकार हर्षित नेगी और प्रदीप कुवार्बी ने तबला एवं ढोलक पर संगत दी। वर्तमान में कार्यशाला में 35 प्रशिक्षार्थी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में रीता पांडे, विनीता खाती, सीमा भाकुनी, कमला कबड़वाल, शोभा कबड़वाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

