500 रुपये के कमीशन के लिए देश से गद्दारी! हरिद्वार की टीचर के बाद पूजा भी गिरफ्तार, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा

Share the News

पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर नेटवर्क में बढ़ी जांच, पुलिस सरगना तक पहुंचने में जुटी

हरिद्वार। पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध धन हस्तांतरण मामले में गिरफ्तार शिक्षिका सोनम के बाद अब उसकी करीबी दोस्त पूजा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं कथित तौर पर विदेश से आने वाली रकम को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करने के नेटवर्क का हिस्सा थीं। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले जम्मू पुलिस ने हरिद्वार निवासी शिक्षिका सोनम को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान से जुड़े स्रोतों से आने वाले पैसों को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करती थी। कथित तौर पर हर 30 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन पर उसे 500 रुपये का कमीशन मिलता था।

जांच के दौरान पता चला कि इस नेटवर्क से सोनम का परिचय उसकी दोस्त पूजा ने कराया था। पूजा एमएससी की छात्रा होने के साथ-साथ एक कॉलेज में अध्यापन कार्य भी करती है। बताया जा रहा है कि पूजा ने सोनम की मुलाकात उमर नामक व्यक्ति से करवाई थी, जिसके तार इस पूरे ट्रांजेक्शन नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती दौर में पूजा इस काम से अलग हो गई थी, लेकिन बाद में सोनम के कहने पर उसने दोबारा नेटवर्क से जुड़कर कथित लेन-देन में भूमिका निभाई। जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों ने मिलकर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन किए।

सोनम और पूजा की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ट्रांसफर किए गए धन का उपयोग कहीं देश विरोधी गतिविधियों या टेरर फंडिंग में तो नहीं किया जाना था।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव मानी जा रही है।

See also  अल्मोड़ा : महाविद्यालय तल्ला सल्ट में 'रेड क्रॉस यूनिट' के तत्त्वावधान में "विश्व पर्यावरण दिवस" का आयोजन
error: Content is protected !!