रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। मेट्रोपोल मार्ग क्षेत्र से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जहां एक विशालकाय पॉपुलर के पेड़ को काटने के दौरान वह बिजली के पोल और हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पेड़ गिरते ही बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। इसके बाद शहर के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार, यह पेड़ लंबे समय से आबादी के लिए खतरा बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी थी कि मानसून के दौरान तेज बारिश और हवाओं में यह पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों की शिकायत के बाद वन विभाग ने पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान पहले बिजली विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पेड़ को चारों ओर से रस्सियों से बांधकर नियंत्रित दिशा में गिराने का प्रयास किया। हालांकि, पूरी कोशिश के बावजूद पेड़ बिजली की तारों और खंभे पर ही गिर गया, जिससे बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और शहर के आधे हिस्से की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन एवं पोल को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, स्थानीय निवासी विमला नगर कोटी ने बताया कि मेट्रोपोल मार्ग स्थित यह विशालकाय पॉपुलर का पेड़ लंबे समय से खतरे की जद में था। पेड़ के कारण आसपास रहने वाले लोगों में हमेशा डर बना रहता था। आज वन विभाग ने पेड़ को काटकर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो मानसून के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और बिजली विभाग की टीमों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से अस्थायी परेशानी जरूर हुई, लेकिन संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। फिलहाल विभागीय टीमें मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

