सल्ट के नीलेश्वर महादेव मंदिर में 101 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत ने
रानीखेत/सल्ट। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा सबोली रौतेला (भिक्यासैंण) स्थित पावन श्री नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंगलवार को राष्ट्र गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 642/2024 के तहत स्थापित 101 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत लोकार्पण विधायक महेश जीना ने किया।
लोकार्पण के साथ ही तिरंगा पूरे सम्मान और गौरव के साथ आसमान में लहराया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। यह 101 फीट ऊंचा तिरंगा अब क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का प्रतीक बनकर लोगों को राष्ट्र सेवा और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति प्रेरित करेगा।
विधायक महेश जीना ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी, मातृशक्ति तथा युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। उपस्थित सभी लोगों ने इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। आयोजन का समापन राष्ट्रगान और देश की एकता एवं समृद्धि की कामना के साथ हुआ।


