द्वाराहाट : खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कबड्डी में कफड़ा और रियुनी न्याय पंचायत बनी विजेता

खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कबड्डी में कफड़ा व रियुनी ने मारी बाजी।

द्वाराहाट विधानसभा में चार दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग में खो-खो और कबड्डी के मुकाबले, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के तहत विधानसभा द्वाराहाट में चल रही चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न न्याय पंचायतों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कबड्डी के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और टीमवर्क का परिचय दिया, जबकि खो-खो के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने तेजी और बेहतर तालमेल के साथ दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कबड्डी में कफड़ा और रियुनी ने मारी बाजी

कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में कफड़ा न्याय पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। आदिग्राम फ्लोरिया न्याय पंचायत की टीम द्वितीय तथा विजयपुर न्याय पंचायत की टीम तृतीय स्थान पर रही।

वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में रियुनी न्याय पंचायत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। भगौती न्याय पंचायत की टीम द्वितीय और छानागोलू न्याय पंचायत की टीम तृतीय स्थान पर रही।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीम भावना का परिचय दिया। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

खेल महाकुंभ विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें जिला, राज्य एवं उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न न्याय पंचायतों से खिलाड़ियों की भागीदारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को भी सामने रखा।

इस अवसर पर रजनी आर्या, ग्राम प्रधान कौला, कुंदन पुरी एडीओ पंचायत, अंकित पंवार क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी द्वाराहाट, प्रदीप सिंह क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चौखुटिया, त्रिभुवन उपाध्याय समन्वयक मा. शिक्षा, जयपाल अधिकारी, मनोज कुमार और कीर्ति कुंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन बिशन सिंह अधिकारी एवं विनोद पपने ने किया। कबड्डी प्रतियोगिता में पुष्कर सिंह, धर्मा देवी, जसदीप उनियाल, ललित मोहन जोशी, विश्वनाथ, दीपा जोशी एवं भावना पंत ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

वहीं खो-खो प्रतियोगिता में संगीत सिंह, कामाक्षी कांडपाल, साक्षी तिवारी, चंद्रमोहन नेगी, धीरज शाह, पूरन बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट एवं दीपक बिष्ट ने निर्णायक एवं आयोजन संबंधी दायित्वों में सहयोग किया।

प्रतियोगिता के दौरान आयोजन समिति एवं विभागीय अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना के साथ अनुशासित रहकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

चार दिवसीय प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर भी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

See also  अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज: इलाज नहीं, सिर्फ रेफर सेंटर - संजय पांडे
error: Content is protected !!