लिखित आश्वासन के बाद भिकियासैंण में प्रस्तावित आंदोलन स्थगित, मांगें पूरी नहीं होने पर फिर होगा उग्र प्रदर्शन

Share the News

भिकियासैंण (रानीखेत)। तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद उत्तराखंड क्रांति दल एवं जन सुरक्षा समिति की ओर से 15 जुलाई से प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील मुख्यालय पर दोबारा जोरदार आंदोलन शुरू किया जाएगा।

उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं जन सुरक्षा समिति भिकियासैंण के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रशासन के आश्वासन के बाद पुराने टैंक से पूर्ववत पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। गांवों में जल वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पंप हाउसों पर वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाने के लिए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु उच्चाधिकारियों को भेजा गया है तथा विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहीद मेजर राजेश अधिकारी की स्मृति में वर्ष 2005 में स्वीकृत तीन किलोमीटर सड़क के स्थान पर विभाग ने केवल दो किलोमीटर सड़क का निर्माण किया है।

पिछले दो दशकों में शेष एक किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने विभाग द्वारा पर्यावरणीय स्वीकृति का हवाला देने को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि पूरे तीन किलोमीटर मार्ग की पर्यावरणीय स्वीकृति वर्ष 2018 में ही मिल चुकी है।

तड़ियाल ने यह भी आरोप लगाया कि सिनार–बहेड़ा–रहड़धार–दल्मोड़ी तथा बाड़िकोट–जैठा–खुरेड़ी–कोटियाग मोटर मार्गों को रिखाड़ तक जोड़ने के संबंध में भी विभाग ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई से प्रदेशभर में पंचायत उपचुनाव शुरू होने तथा पेयजल व्यवस्था में आंशिक सुधार को देखते हुए आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है। साथ ही तहसील प्रशासन की सकारात्मक पहल के लिए उपजिलाधिकारी भिकियासैंण का आभार भी व्यक्त किया।

See also  नैनीताल : विंटर कार्निवाल में कल हुए हंगामे के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
error: Content is protected !!