न्याय पंचायत बंगौड़ा और सगनेटी की चुनाव समिति की समीक्षा बैठक में संगठन मजबूती और घर-घर प्रचार अभियान पर जोर
रिपोर्टर—बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। विकासखंड ताड़ीखेत के अंतर्गत न्याय पंचायत बंगौड़ा एवं न्याय पंचायत सगनेटी की चुनाव समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बीरखाली सैकुड़ा में आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरेंद्र कुमार ने की।
बैठक में न्याय पंचायत बंगौड़ा के प्रभारी गुसाई राम आर्या तथा न्याय पंचायत सगनेटी के चुनाव प्रभारी कमलेश बोरा विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता और एकजुटता के साथ मैदान में जुटने का आह्वान किया।
न्याय पंचायत बंगौड़ा के प्रभारी गुसाई राम आर्या ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं से लगातार संवाद स्थापित करने और कांग्रेस की नीतियों एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य बंगौड़ा न्याय पंचायत क्षेत्र से कांग्रेस को मजबूत जनसमर्थन दिलाकर उसे शीर्ष पर पहुंचाना है।
वहीं, न्याय पंचायत सगनेटी के चुनाव प्रभारी कमलेश बोरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान घर-घर जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार, मतदाताओं से संवाद और चुनावी तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर मंथन किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक सोच के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में महामंत्री नंदन राम, सचिव हरीश सिंह, अनुसूचित जाति महासचिव नवीन आर्या, महेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।








