भीमताल के पश्यां में सड़क निर्माण को लेकर बवाल, हरीश पनेरू के नेतृत्व में ग्रामीणों का धरना, कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Share the News

भीमताल: सड़क निर्माण में कथित लापरवाही के विरोध में धरना, ग्रामीणों ने दिया एक सप्ताह का समय

गुणवत्ता पर उठे सवाल, सड़क निर्माण के विरोध में पश्यां में ग्रामीणों का प्रदर्शन

सड़क निर्माण को लेकर जनाक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

भीमताल। पतलोट से कौडा़र–पश्यां मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में कथित घटिया गुणवत्ता और लापरवाही के विरोध में बुधवार को ग्राम पश्यां में ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान कौडा़र सतीश फुलारा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पश्यां सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पतलोट से कौडा़र–पश्यां मोटर मार्ग का निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्ता में तत्काल सुधार की मांग की।
ग्रामीणों ने इस दौरान क्षेत्र के देवी मंदिर की सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र कराए जाने की भी मांग उठाई।

उनका कहना था कि सुरक्षा दीवार नहीं होने से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र खतरे की जद में है, जिसे देखते हुए जल्द आवश्यक कार्य कराया जाना चाहिए।
धरने को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने कहा कि जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभाग ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक एवं उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में हरीश कुडा़ई, भुवन कुडा़ई, हेमा देवी, भगवती देवी, खिमानंद कुडा़ई, हीरा बल्लभ फुलारा, दुर्गादत्त पोखरिया, पूरन फुलारा, जगदीश फुलारा, खिमेश बिष्ट, हिमांशु नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

See also  हल्द्वानी : 18 कुमाऊं रेजीमेंट का 49वें स्थापना दिवस मनाया गया धूमधाम से, वीडियो....
error: Content is protected !!